खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुमाऊं मंडल के जिलों में आपदा से हुए नुकसान के मद्देनजर जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से राहत कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कहीं सड़क क्षतिग्रस्त या भूस्खलन होने की तथ्यहीन जानकारी सोशल मीडिया में आती है तो संबंधित विभागों को उनका खंडन भी करना चाहिए, ताकि लोगों में भ्रामकता की स्थिति ना हो।
खटीमा स्थित यूजीवीएनएल के गेस्ट हाउस में समीक्षा के दौरान सीएम ने जिलाधिकारियों को आपदाग्रस्त क्षेत्रों में मौके पर पहुंचकर नेतृत्व करते हुए रेस्क्यू टीम का मनोबल बढ़ाने तथा प्रभावितों की हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री धामी ने जिलाधिकारियों से नदियों के जलस्तर, लैंड स्लाइड, बन्द सड़कों, जानमाल की क्षति मुआवजा वितरण की गहनता से समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि राजमार्गों के साथ ग्रामीण सड़कों को खोलने की सुचारू व्यवस्था के साथ आवश्यक उपकरणों की प्रभावित स्थलों पर व्यवस्था की जाए।
उन्होंने कहा कि आपदा राहत एवं बचाव कार्यों में सभी विभाग टीम भावना एवं सकारात्मक ऊर्जा के साथ कार्य करें तथा इसे अपनी जिम्मेदारी समझें। यह समय पीड़ितों के साथ खड़े होने का है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आपदा की स्थिति में बचाव कार्य और भी तेजी से हों, इसके लिए लाइफ़ सेविंग उपकरण सहित अत्याधुनिक उपकरण संबंधित विभागों को उपलब्ध कराए जाएं। अधिकारियों को जलभराव वाले क्षेत्रों या नालों और नदियों के ड्रेनेज प्लान बनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा,आपदा से खेती व बागवानी को हुए नुकसान का आकलन करते हुए अनुमन्य मदद तत्काल पहुंचाई जानी चाहिए।




