देहरादून, 4 अक्तूबर, 2026ः वन्य जीव सप्ताह (2 अक्तूबर – 8 अक्तूबर, 2026) के अंतर्गत राजाजी टाइगर रिजर्व की रामगढ़ रेंज ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ में गोष्ठी एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और उनके माध्यम से अभिभावकों एवं समाज में वन तथा वन्य जीवों के प्रति लगाव एवं संवेदनशीलता उत्पन्न करना था। कार्यक्रम की आयोजक वन क्षेत्राधिकारी उर्वशी गौतम ने कहा,राजाजी टाइगर रिजर्व वन तथा विभिन्न प्रकार के वन्य जीवों से समृद्ध एक विशाल टाइगर रिजर्व है। वन तथा वन्य जीवों की सुरक्षा के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के लिए प्रत्येक वर्ष 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक पूरे भारतवर्ष में वन्य जीव सप्ताह मनाया जाता है, जिसके अंतर्गत विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिता, निबंध, नुक्कड़ नाटक, संगोष्ठी, जागरूकता रैली इत्यादि विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा, राजाजी टाइगर रिजर्व में बाघ, हाथी, तेंदुआ, सांभर, हिरन, बंदर समेत सैकड़ों प्रकार के वन्य जीव तथा वनस्पतियां पाई जाती हैं। हमें वन्य जीवों के प्रति दया का भाव रखते हुए उनके घरों यानी वनों को सुरक्षित रखना चाहिए, जिससे वन्य जीव स्वच्छंद विचरण कर अपना जीवन जी सकें। उन्होंने सभी बच्चों से अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाने एवं उनकी रक्षा करने, अपने घरों के आसपास चिड़ियों के लिए पानी रखने तथा प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने सभी बच्चों को स्कूल बैग, टी शर्ट तथा कैप उपहार स्वरूप प्रदान की। इस अवसर पर राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ के प्रधानाध्यापक अरविन्द सिंह सोलंकी ने कहा, वन तथा वन्य जीव हमारे पारिस्थितिकी तंत्र के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और हमें इनकी रक्षा करने का संकल्प लेना चाहिए। वन आरक्षी सुभाष रावत ने कहा, जंगली जानवरों को बेवजह परेशान न करना, पेड़ पौधों को नुकसान न पहुंचाना और प्लास्टिक के कचरे को इधर-उधर ना फेंक कर डस्टबिन में डालने जैसे छोटे-छोटे प्रयासों से भी हम वन तथा वन्य जीवों की रक्षा कर सकते हैं। इसके पश्चात, वन क्षेत्राधिकारी उर्वशी गौतम के नेतृत्व में रामगढ़ रेंज के कर्मचारियों, विद्यालय के शिक्षकों तथा छात्र-छात्राओं ने क्षेत्र में जागरूकता रैली निकालकर वन तथा वन्य जीवों की सुरक्षा के लिए लोगों को जागरूक किया। इस अवसर पर राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ के प्रधानाध्यापक अरविन्द सिंह सोलंकी, सहायक अध्यापक वीरेंद्र उनियाल, वन आरक्षी चंद्र किशोर बडोनी, नितिन राणा, सुभाष रावत,अमित, नितिन तथा विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
वन्य जीवों के प्रति संवेदनशीलता के लिए राजाजी पार्क कार्मिकों और रामगढ़ स्कूल के बच्चों ने जागरूकता रैली निकाली

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140
ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com
फोन: +91 9760097344
Leave a Comment



