Uttarakhand: सरकारी विद्यालयों में पढ़ाई कर रहे स्टूडेंट्स के लिए 23 मार्च को रोजगार मेला

Rajesh Pandey

देहरादून, 20 मार्च 2025

उत्तराखंड में पहली बार समग्र शिक्षा के तहत 23 मार्च को रोजगार मेला लगाया जाएगा। रोजगार मेले में कई राष्ट्रीय और बहुराष्ट्रीय कंपनियां की भागीदारी होगी। इस आयोजन से प्रदेश के 559 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा ग्रहण कर रहे छात्र-छात्राओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे।

समग्र शिक्षा उत्तराखंड के अपर राज्य परियोजना निदेशक कुलदीप गैरोला ने बताया, देहरादून के हिन्दू नेशनल इंटर कॉलेज में 23 मार्च को रोजगार मेला लगेगा। इसमें राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा ग्रहण कर रहे छात्र-छात्राओं को जॉब प्लेसमेंट का अवसर मिलेगा। अब तक 600 से अधिक छात्र-छात्राओं ने रोजगार मेले के लिए पंजीकरण करा लिया है।

ये कंपनियां शामिल होंगे रोजगार मेले में

उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में प्रतिष्ठित व्यावसायिक व औद्योगिक फर्म भाग ले रही हैं। जिसमें अशोक लेलैंड, हीरो मोटोकॉर्प, वीएलसीसी, पतंजलि, जुबिलैंट, ग्रीन कॉल, नॉर्थस्टार, रिलाइंस रिटेल, सोडेक्सो, जेना रिजॉर्ट और श्नाइडर इलेक्ट्रिक कम्पनी शामिल है, जो इन कुशल युवाओं के लिए विविध रोजगार के अवसर प्रदान करेगी। इस पहल का मकसद छात्र-छात्राओं को व्यावसायिक शिक्षा से जोड़कर उन्हें उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित कर आत्मनिर्भर बनाना है।

व्यावसायिक शिक्षा के पाठ्यक्रम

एपीडी कुलदीप गैरोला ने बताया, नई शिक्षा नीति-2020 के प्रावधानों के तहत प्रदेश के 559 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा-9 से 12 तक व्यावसायिक शिक्षा प्रदान की जा रही है। जिसके तहत कृषि, ऑटोमेटिव, आईटी, पलम्बरिंग, रिटेल, टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी, ब्यूटी एंड वेलनेस तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एंड हार्डवेयर के कोर्स संचालित किए जा रहे हैं। लगभग 42000 छात्र-छात्राएं लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि व्यावसायिक शिक्षा को विषय के रूप में अंगीकृत करते हुये वर्तमान शैक्षिक सत्र में कक्षा-12 का पहला बैच उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में शामिल किया गया।

समग्र शिक्षा के तहत आयोजित रोजगार मेला राज्य सरकार की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। हमें विश्वास है कि यह पहल हमारे छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेगा- डॉ. धन सिंह रावत, विद्यालयी शिक्षा मंत्री, उत्तराखंड

 

 

Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *