उत्तराखंडः सीएम धामी ने निशुल्क मोबाइल टैबलेट योजना शुरू की

Rajesh Pandey
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राजपुर रोड, देहरादून में निःशुल्क मोबाइल टैबलेट योजना के क्रियान्वयन के लिए जनसंवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने विद्यालय की 100 छात्राओं को निःशुल्क टैबलेट प्रदान किए। शनिवार को यह कार्यक्रम प्रदेश के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राजपुर रोड में ऑडिटोरियम बनाया जाएगा।
प्रदेश में लगभग 2.65 लाख विद्यार्थियों को राज्य सरकार टैबलेट खरीद के लिए धनराशि उपलब्ध करा रही है। प्रत्येक विद्यार्थी के खाते में 12 हजार रुपये जमा किए जा रहे हैं। इसी क्रम में टैबलेट खरीद के लिए राजकीय स्कूलों के 10वीं, 12वीं  के 1.59 लाख विद्यार्थियों को डीबीटी के माध्यम से धनराशि दी गई।
मुख्यमंत्री धामी ने नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कोरोना काल में ऑनलाइन पढ़ाई के लिए बच्चों को काफी परेशानियों को सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा, राज्य में शिक्षा के गुणात्मक सुधार के लिए राज्य सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। डिजिटल लर्निंग के अन्तर्गत राज्य के 500 स्कूलों में  वर्चुअल कक्षाएं चलाई जा रही हैं। 600 अन्य स्कूलों में भी शीघ्र ही ये सेवाएं शुरू की जाएंगी।
राज्य के 709 राजकीय विद्यालयों में 1418 स्मार्ट कक्षाएं स्थापित की जा रही हैं। यह कार्य 15 जनवरी 2022 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। राज्य सरकार ने सभी राजकीय विद्यालयों में कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क पाठ्य पुस्तक उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।
राजकीय स्कूलों में कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए भी निःशुल्क बैग एवं जूते उपलब्ध कराए जा रहे हैं। राज्य स्तरीय छात्रवृत्ति की धनराशि बढ़ाई गई है। शिवानंद नौटियाल राज्य योग्यता छात्रवृत्ति की धनराशि को  प्रतिमाह 250 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये किया गया है तथा लाभार्थी विद्यार्थियों की संख्या भी 11 से बढ़ाकर 100 की गई है। मुख्यमंत्री ने कोविड के नये वेरिएंट ओमीक्रोन से बचाव के लिए सतर्कता बरतने तथा कोविड एप्रोप्रिएट विहेवियर का पालन करने की अपील की है।
Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *