AIIMS Rishikesh Esophagus Surgery: एसिड से जली आहार नली को नई जिंदगी

Rajesh Pandey

AIIMS Rishikesh Esophagus Surgery: ऋषिकेश, 4 जून 2025एम्स ऋषिकेश के विशेषज्ञ चिकित्सकों के अनुभव और टीम वर्क की कुशलता ने एक बार फिर मिसाल कायम की है। एक साल से भी अधिक समय से फीडिंग पाइप के सहारे जी रही 24 वर्षीय महिला को डॉक्टरों की टीम ने नई आहार नली बनाकर नया जीवन दिया है। इस सफल सर्जरी के बाद महिला अब सामान्य रूप से भोजन ग्रहण कर रही है और पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर पर है।

बीमारी का दर्दनाक सफर

मुरादाबाद की इस महिला की आहार नली एसिड युक्त टॉयलेट क्लीनर पेट में चले जाने के कारण पूरी तरह जल गई थी। इस वजह से वह पिछले 13 महीनों से सिर्फ फीडिंग ट्यूब (जेजुनोस्टॉमी) के माध्यम से तरल भोजन पर निर्भर थी और मुंह से कुछ भी खाने-पीने में असमर्थ थी। कई अस्पतालों में इलाज करवाने के बावजूद उसकी भोजन नली में आई रुकावट दूर नहीं हो पाई थी, जिसके बाद वह एम्स ऋषिकेश पहुंची।

AIIMS Rishikesh Esophagus Surgery: जोखिम भरी सर्जरी से मिला नया जीवन

एम्स में जांचों के बाद सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के डॉक्टरों ने महिला की बड़ी आंत के एक हिस्से से नई आहार नली (इसोफेगस) बनाने का निर्णय लिया। विभाग के प्रमुख और मुख्य शल्य चिकित्सक डॉ. लोकेश अरोड़ा ने बताया कि “कोलोनिक पुल-अप” नामक इस जटिल सर्जरी में आंत का हिस्सा पेट से होते हुए छाती के रास्ते गले तक खींचा गया। लगभग 7 घंटे चली इस जोखिम भरी सर्जरी को विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम ने मिलकर सफल बनाया। संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रोफेसर (डॉ.) मीनू सिंह और चिकित्सा अधीक्षक प्रो. बी. सत्याश्री ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर पूरी टीम की सराहना की है।

Also Read: AIIMS Rishikesh में नई स्वास्थ्य सुविधाएं: पैक्स स्कैन, आयुष एकीकृत चिकित्सा और उन्नत बाल चिकित्सा केंद्र शुरू

चुनौतियाँ और टीम वर्क

डॉ. लोकेश अरोड़ा ने बताया कि इस सर्जरी की सबसे बड़ी चुनौती आहार नली के पास स्थित वॉयस बॉक्स (स्वरयंत्र) को सुरक्षित रखना था। थोड़ी सी भी चूक से स्वरयंत्र को स्थायी नुकसान हो सकता था और महिला की आवाज हमेशा के लिए जा सकती थी। इस चुनौती से निपटने के लिए विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों की एक टीम गठित की गई और उनकी गहन निगरानी के कारण ही यह सर्जरी पूरी तरह सफल रही।

टीम में शामिल डॉक्टर: डॉ. लोकेश अरोड़ा (विभागाध्यक्ष, सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी) के साथ इस टीम में डॉ. सुनीता सुमन, डॉ. नीरज यादव, डॉ. विनय, डॉ. अजहर, डॉ. शुभम, डॉ. अमन (सभी सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी), ईएनटी सर्जन डॉ. अमित त्यागी, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. संजय अग्रवाल व नर्सिंग ऑफिसर दीप, मनीष, सीमा और रितेश आदि शामिल रहे।

शानदार रिकवरी

सर्जरी के बाद रोगी को 5 दिनों तक सीसीयू में रखा गया। जनरल वार्ड में शिफ्ट होने के बाद आठवें दिन से उसने मुंह से भोजन करना शुरू कर दिया और 15वें दिन उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। यह सर्जरी जनवरी माह में हुई थी, और पिछले 4 महीनों से डॉक्टरों ने नियमित रूप से फोन और फॉलो-अप के माध्यम से उसके स्वास्थ्य की निगरानी की। चिकित्सकों के अनुसार, पूर्ण भोजन ग्रहण करने से अब महिला का 10 किलोग्राम वजन बढ़ गया है और वह सामान्य जीवन जीते हुए पूरी तरह स्वस्थ है।

Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *