देहरादून, 17 अक्तूबर, 2026ः दक्षता आधारित आकलन परख की संप्राप्ति तथा अग्रिम कार्ययोजना साझा करने के लिए राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ में विद्यालय प्रबंधन समिति की विशेष बैठक हुई। विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविन्द सिंह सोलंकी ने बैठक में अभिभावकों को 5 अक्तूबर, 2026 को आयोजित दक्षता आधारित आकलन परख के परिणामों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया, विद्यालय के छात्रों ने 78.4 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं और विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा अभिभावकों के सहयोग से इसे शत प्रतिशत पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही, जिन विद्यार्थियों को दक्षताओं में अपेक्षित उपलब्धि प्राप्त नहीं हुई है, उनकी पहचान कर कक्षावार, विद्यार्थीवार तथा विषयवार सुधारात्मक कार्य योजना पर चर्चा की गई।
विद्यार्थियों के अधिगम स्तर में सुधार के लिए अभिभावकों की भूमिका पर भी चर्चा की गई। अभिभावकों को अर्द्धवार्षिक परीक्षा की समय सारणी से अवगत कराया गया तथा अपने पाल्यों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने का आह्वान किया गया।
छात्र-छात्राओं के बैग एवं जूते के लिए प्राप्त धनराशि के उपभोग पर चर्चा की गई। प्रत्येक छात्र के लिए अपार आईडी की महत्ता के साथ ही विद्यालय विकास से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
विद्यालय प्रबंधन समिति की विशेष बैठक में विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविन्द सिंह सोलंकी, सहायक अध्यापक मीना घिल्डियाल, वीरेंद्र उनियाल तथा वीरेंद्र सिंह, सविता, अंजू देवी, लक्ष्मी, मंजू देवी, मोनी, रितु, रानी, दुलारी देवी, रूमा देवी, सरस्वती, शबनूर, केशवर जहां, रेखा, मेहशर बीबी, अंजना, सीमा देवी समेत सभी अभिभावक उपस्थित रहे।





