Uncategorized

डीएम ने छापा मारा तो हुआ खुलासा, सरकारी गोदाम में मिला सेहत के लिए खराब अनाज

अनाज के सैंपल प्रारंभिक जांच में फेल पाए गए, कुंतलों अनाज नष्ट करने के निर्देश

देहरादून। 26 मार्च 2025

जिलाधिकारी सविन बंसल ने गुलरघाटी स्थित बेस खाद्य गोदाम का औचक निरीक्षण किया तो कुंतलों अनाज के सैंपल प्रारंभिक जांच में फेल पाए गए। यहां से देहरादून के साथ ही गढ़वाल के अन्य जिलो में भी अनाज की आपूर्ति होती है। खराब पाए गए कुंतलों अनाज को जिलाधिकारी ने नष्ट करने के निर्देश दिए। अगर, यह अनाज मिड डे मील में स्कूली बच्चों, गर्भवती महिलाओं और ग्रामीणों में वितरित होता तो इस बात की पूरी आशंका है कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ होता।

डीएम ने गोदाम पहुंचकर मौके पर ही अनाज के सैंपलों की जांच कराई, जो प्रारंभिक जांच में फेल पाए गए। इसके चलते कुंतलों अनाज को तत्काल रिजेक्ट कर नष्ट करने के निर्देश दिए गए। डीएम का कहना है, “स्कूली बच्चों, महिलाओं और ग्रामीणों की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। लापरवाही पर सख्त कार्रवाई होगी।”

जिलाधिकारी ने कहा, यह कार्यवाही आंगनबाड़ी, स्कूली बच्चों और दूरस्थ क्षेत्रों के निवासियों को गुणवत्तापूर्ण अनाज सुनिश्चित करने की दिशा में प्रयास है।

ये गड़बड़ी मिलीं

गोदाम में रजिस्टर मेंटेन नहीं था। अनाज रखने के लिए रैक, चूहों से बचाव के लिए रैट ट्रैप और निर्धारित सुतली से सिलाई की व्यवस्था नहीं थी। बोरियों का वजन जांचा गया, जिसमें मानक 50.58 किलो के बजाय 50.15 किलो पाया गया। बोरियों पर भरने की तारीख और वजन भी अंकित नहीं था।

डीएम ने की कार्रवाई

वरिष्ठ विपणन अधिकारी विष्णु त्रिवेदी एवं क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी( एआरओ) अजय रावत पर प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने, वेतन बंद करने तथा विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा, “पहले आए अनाज को पहले वितरित करें। मानकों का पालन नहीं हुआ तो और कड़ा एक्शन लिया जाएगा। उच्च अधिकारियों को व्यवस्था की कमी की जानकारी नहीं देने पर स्पष्टीकरण मांगा गया।

निरीक्षण में अपर जिलाधिकारी जयभारत सिंह, तहसीलदार सुरेंद्र देव, फूड सेफ्टी ऑफिसर और अन्य अधिकारी पांच घंटे तक मौजूद रहे। – इनपुटः जिला सूचना कार्यालय देहरादून

 

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button