Doiwala NewsFeaturedNewsUttarakhand

पेराई सत्र समाप्ति के नोटिस पर गुस्साए किसानों का चीनी मिल पर प्रदर्शन

किसानों के हित में निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन तेज करेंगे किसानः  मोहित उनियाल

डोईवाला। खेतों में गन्ना खड़ा होने के बाद भी पेराई सत्र समाप्ति का नोटिस दिए जाने से गुस्साए किसानों ने परवादून जिला कांग्रेस के नेतृत्व में डोईवाला चीनी मिल में मुख्य गन्ना प्रबंधक का घेराव किया। इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई। परवादून जिला कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा, यदि चीनी मिल प्रशासन ने किसानों के पास मौजूद गन्ना लिए बिना ही पेराई बंद की तो आंदोलन किया जाएगा।

रविवार सुबह बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल के नेतृत्व में चीनी मिल पहुंचे। किसानों ने चीनी मिल में मुख्य गन्ना प्रबंधक सिद्धार्थ दीक्षित से मुलाकात की और उनको अधिशासी निदेशक को संबोधित ज्ञापन सौंपा। उचित आश्वासन नहीं मिलने पर किसानों ने चीनी मिल प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए मिल अधिकारियों का घेराव शुरू कर दिया।

गुस्साए किसानों चीनी मिल प्रशासन पर उनका उत्पीड़न करने और किसानों के अहित में निर्णय लेने का आरोप लगाया। किसानों का कहना था कि चीनी मिल पेराई सत्र को डेढ़ माह पहले ही समाप्त करने की जिद्द पर अड़ा है, जबकि खेतों में गन्ना खड़ा है। उन्होंने कहा, यदि मिल प्रशासन ने खेतों में मौजूद सारा गन्ना नहीं लिया तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।

कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा, गन्ना किसान कड़ाके की सर्दी और बारिश के समय में भी खेतों में काम करके गन्ना छिलाई कर रहे हैं। पर, मिल प्रशासन का रवैया यह है कि वो किसानों को नोटिस पर नोटिस देकर पेराई बंद करने की बात कर रहे हैं। किसानों पर इस तरह का अनुचित दबाव बनाया जाना जनहित में नहीं है। समय पर भुगतान नहीं होने की वजह से किसान पहले से ही कर्जे में डूब रहा है, इसके ऊपर सारा गन्ना लिए बिना ही पेराई बंद करने का नोटिस देना अन्यायपूर्ण कार्यवाही है। यदि किसानों पर अनावश्यक दबाव बनाया गया तो व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।

डोईवाला गन्ना समिति अध्यक्ष मनोज नौटियाल ने कहा कि सैकड़ों किसानों के खेतों में गन्ना खड़ा होने के बाद भी मिल प्रशासन पेराई सत्र पूरा होने की घोषणा करने जा रहा है, इससे किसानों में गुस्सा है। उन्होंने कहा, जब तक खेतों में गन्ना खड़ा है समिति चीनी मिल को एनओसी नहीं देगी। उनकी गन्ना समिति से 5500 रेगुलर और 8400 दूसरे किसान जुड़े हुए हैं।

डोईवाला कांग्रेस नगर अध्यक्ष करतार नेगी व माजरी कांग्रेस मंडलम् अध्यक्ष तेजपाल सिंह मोंटी ने कहा, किसानों के हित में निर्णय नहीं लिया गया तो सभी किसान एकजुट होकर आंदोलन करेंगे।

कांग्रेस प्रदेश सचिव सागर मनवाल ने कहा, मिल प्रशासन किसानों को समय दे, ताकि वो किसी भी नुकसान से बच सकें।

इस मौके पर कांग्रेस परवादून जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल, डोईवाला गन्ना समिति अध्यक्ष मनोज नौटियाल,कांग्रेस प्रदेश सचिव सागर मनवाल, डोईवाला कांग्रेस नगर अध्यक्ष करतार नेगी, पूर्व ग्राम प्रधान उमेद बोरा, माजरी कांग्रेस मंडलम् अध्यक्ष तेजपाल सिंह मोंटी, डोईवाला संयुक्त किसान मोर्चा अध्यक्ष ताजेंद्र सिंह ताज, भारतीय किसान यूनियन टिकैत जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह खालसा, कांग्रेस जिला महासचिव कमल अरोड़ा, लच्छीवाला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गौरव मल्होत्रा, प्रेमनगर कांग्रेस मंडलम् अध्यक्ष देवराज सावन, महिपाल सिंह रावत, अजीत सिंह, सुखविंद्र सिंह, प्रताप सिंह, रविंद्र सिंह, जसबीर सिंह, हरजिंदर सिंह, गजराज, चंदन सिंह, दिलराज सिंह आदि उपस्थित रहे।

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button