ElectionFeaturedPoliticsUttarakhand

उत्तराखंड में प्रियंका का नारा कितना बुलंद करेगी कांग्रेस

कांग्रेस के लड़की हूं, लड़ सकती हूं अभियान की पोस्टर गर्ल भाजपा में शामिल

देहरादून। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश में लड़की हूं, लड़ सकती हूं, नारा बुलंद किया और यूपी चुनाव में कांग्रेस इसी थीम पर चुनाव लड़ रही है, पर कांग्रेस के चुनावी अभियान को उस समय धक्का लगा, जब उनके इस नारे की पोस्टर गर्ल डॉ. प्रियंका मौर्य भाजपा में शामिल हो गईं। उत्तराखंड में भी कांग्रेस को ऐसा ही एक और झटका तब लगा, जब महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सरिता आर्य ने भाजपा की सदस्यता ही नहीं ली, बल्कि उनको नैनीताल सीट से प्रत्याशी भी बना दिया गया।

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने टिकटों के बंटवारे में महिलाओं को प्रमुखता दी है, जैसा कि प्रियंका गांधी ने 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देने की घोषणा की है, पर उत्तराखंड में कांग्रेस इस नारे को कितना बुलंद कर पाएगी, यह तो प्रत्याशियों के नामों की लिस्ट देखने पर ही कहा जा सकेगा।

उत्तराखंड में भाजपा ने प्रत्याशियों की पहली लिस्ट में 59 नामों की घोषणा की है, जिनमें छह महिलाएं शामिल हैं, जबकि तीन का टिकट काट दिया है। ऐसे में अभी तक भाजपा तो मात्र दस फीसदी महिलाओं को ही टिकट दे पाई। पर, क्या कांग्रेस उत्तराखंड में महिला दावेदारों की संख्या को भाजपा से ज्यादा करेगी, यह देखना है। यह सवाल इसलिए भी बनता है, क्योंकि यूपी में कांग्रेस 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देने की बात कर रही है, इस लिहाज में उत्तराखंड में 28 महिलाओं की दावेदारी बनती है।

2022 के विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड में 75,92,996 में से महिला मतदाताओं की संख्या 36,02,801 है। वहीं, 2017 के चुनाव में महिला मतदाताओं की संख्या 47 फीसदी थी। पिछले चुनाव में उत्तराखंड की 70 सीटों में से मात्र 41 पर ही महिलाएं चुनाव मैदान में उतरीं। कुल 62 महिलाओं ने चुनाव लड़ा, जिनमें से रायपुर सीट पर सबसे अधिक मात्र चार महिलाएं उम्मीदवार थीं। भाजपा ने पांच, कांग्रेस ने आठ, बसपा ने तीन, सपा ने पांच सीटों पर महिलाओं को उम्मीदवार बनाया था। अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में 30 महिलाओं ने निर्दलीय चुनाव लड़ा था। चुनाव में पांच महिलाओं ने विजय हासिल की, जिनमें भाजपा की तीन, कांग्रेस की दो प्रत्याशी शामिल हैं।

उत्तराखंड में वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार, महिलाओं की आबादी 49.48 लाख है, जबकि पुरुषों की संख्या 52.38 लाख है। वहीं राज्य की 71 फीसदी महिला आबादी गांवों में निवास करती है। राज्य की 65 फीसदी आबादी की आजीविका कृषि है। राज्य में 64 फीसदी महिलाएं अपने खेतों में कृषि करती हैं, वहीं 8.84 फीसदी महिलाएं दूसरों के खेतों में परिश्रम करती हैं।

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button