पछताना पड़ा नकलची कौए को

Rajesh Pandey
short stories

बहुत पुरानी बात है। पहाड़ पर एक बाज रहता था। वहीं पहाड़ की तलहटी पर एक बरगद का पेड़ था, जिस पर एक कौआ रहता था। कौआ मूर्ख था, वह बिना सोचे कुछ न कुछ ऐसा कर देता था, जिसकी वजह से उसे नुकसान उठाना पड़ता। लेकिन उसने अपनी आदत में सुधार नहीं किया। वह पहाड़ की ऊंचाई की ओर देखता तो वहां बाज को उड़ते हुए देखता।

बाज भोजन की तलाश में उड़ता और अपनी तेज नजरों से भोजन को देखते ही उस पर झपट जाता। एक दिन कौए ने देखा कि बाज तेजी से जमीन पर पहुंचा और वहां घूम रहे खरगोश के छोटे से बच्चे पर झपट गया। देखते ही देखते बाज खरगोश को अपने मजबूत पंजों में फंसाकर उड़ान भरते हुए एक टीले पर बैठ गया। यह सब इतनी तेजी से हुआ कि खरगोश को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कौआ गौर से यह सब देख रहा था।

कौए ने स्वयं से कहा, यह भी कोई बड़ा काम हुआ भला। यह तो मैं भी कर सकता हूं। दूसरे दिन सुबह कौए ने एक चूहे को चट्टान में बने बिल से निकलते देखा। उसने बाज की नकल करते हुए चूहे पर झपटने की कोशिश की। जैसे ही उसने चूहे को पकड़ने के लिए चोंच आगे बढ़ाई, चूहा वहां से हटकर बिल में घुस गया और कौए की चोंच चट्टान पर जा लगी। कौआ दर्द से रोने लगा। उसने ऊपर की ओर देखा तो बाज को उड़ते हुए पाया। तभी बाज उसके पास आया और बोला, हर किसी की अपनी क्षमता होती है, इसलिए नकल करना भी आसान नहीं है। इस घटना के बाद कौए ने निश्चय कर लिया कि वह किसी की नकल नहीं करेगा, बल्कि उन क्षमताओं के साथ खुशी खुशी रहेगा, जो ईश्वर से उसको मिली हैं।

Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *