- देहरादून के पांच शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम
- 1,600 से अधिक छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को दी गई जानकारी
देहरादून 23 नवंबर,2026ः जनगणना को लेकर आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने और स्वगणना प्रक्रिया के प्रति जागरूकता के उद्देश्य से सोमवार को जनपद के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में विशेष जागरूकता एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज सौड़ा सरोली, अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज थानो, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज ऋषिकेश तथा राजकीय इंटर कॉलेज आईडीपीएल ऋषिकेश में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को स्वगणना की प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं और इसके महत्व की जानकारी दी गई।
कार्यक्रमों के दौरान जनगणना के मास्टर ट्रेनर गिरीश थपलियाल तथा फील्ड ट्रेनर द्वारिका प्रसाद पुरोहित एवं डॉ. मनोज शुक्ला ने प्रतिभागियों को स्वगणना की प्रक्रिया, पंजीकरण एवं ऑनलाइन माध्यम से स्वयं विवरण दर्ज करने की जानकारी विस्तारपूर्वक दी। प्रशिक्षकों ने बताया कि नागरिक स्वयं अपनी एवं अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी निभा सकते हैं। उन्होंने स्वगणना से संबंधित तकनीकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज सौड़ा सरोली में प्रधानाचार्य प्रदीप बहुगुणा ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों से स्वगणना अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। यहां आयोजित कार्यशाला में लगभग 150 छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।
वहीं, अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज थानो में प्रधानाचार्य दीपक नेगी ने विद्यार्थियों से अपने अभिभावकों को स्वगणना के लिए प्रेरित करने की अपील की। यहां 300 से अधिक छात्र-छात्राओं तथा 20 से अधिक शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्वगणना प्रक्रिया में सहयोग करने की सामूहिक प्रतिज्ञा भी ली।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज ऋषिकेश में प्रधानाचार्य अर्चना अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित जागरूकता शिविर में 800 से अधिक पंजीकृत छात्राओं एवं 40 से अधिक शिक्षक-शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। फील्ड ट्रेनर द्वारिका प्रसाद पुरोहित ने स्वगणना की प्रक्रिया एवं तकनीकी पहलुओं को सरल भाषा में समझाया। साथ ही, प्रतिभागियों से अभ्यास भी कराया गया, ताकि वे स्वयं इस प्रक्रिया को समझकर अपने परिवार के सदस्यों को सहयोग प्रदान कर सकें।
इसी क्रम में राजकीय इंटर कॉलेज, आईडीपीएल ऋषिकेश में आयोजित अभिमुखीकरण कार्यक्रम में 500 से अधिक छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को जनगणना और डिजिटल स्वगणना की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। फील्ड ट्रेनर डॉ. मनोज शुक्ला ने स्वगणना पोर्टल के उपयोग, ऑनलाइन विवरण दर्ज करने तथा सटीक आंकड़ों के महत्व की जानकारी दी। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. के.एन. बिजल्वाण ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से अपने अभिभावकों को इस राष्ट्रीय अभियान में सहयोग के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
स्थानीय भाषाओं के संरक्षण के लिए
सही जानकारी दर्ज करने की अपील
जनगणना एवं स्वगणना अभियान के तहत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाह दिनेश प्रसाद सेमवाल ने भी मास्टर ट्रेनर गिरीश थपलियाल तथा फील्ड ट्रेनर द्वारिका प्रसाद पुरोहित एवं डॉ. मनोज शुक्ला के सहयोग से अपनी स्वगणना प्रक्रिया पूर्ण की। इस अवसर पर, उन्होंने प्रदेश के नागरिकों एवं स्वयंसेवकों से जनगणना में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से प्रश्न संख्या-14 के अंतर्गत अपनी वास्तविक मातृभाषा का सही उल्लेख करने पर जोर देते हुए गढ़वाली, कुमाऊंनी, जौनसारी सहित अन्य स्थानीय भाषाओं को दर्ज करने का आह्वान किया। साथ ही, हिंदी एवं मातृभाषा के अतिरिक्त संस्कृत भाषा का सामान्य ज्ञान रखने वाले नागरिकों से इसे अन्य ज्ञात भाषा के रूप में दर्ज करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय भाषाओं और संस्कृत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए जनगणना में सही जानकारी दर्ज करना महत्वपूर्ण है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं विद्यालयी कार्मिकों को स्वगणना की प्रक्रिया से जोड़ते हुए उन्हें जन-जागरूकता का माध्यम बनाने का प्रयास किया गया। आयोजकों ने विश्वास जताया कि विद्यार्थी अपने परिवारों और आसपास के लोगों को जागरूक कर जनगणना के इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में प्रभावी योगदान देंगे।





