Uttarakhand विधानसभा उपचुनावः बद्रीनाथ की जनता का दलबदल पर करारा जवाब

Rajesh Pandey

देहरादून। न्यूज लाइव

उत्तराखंड में विधानसभा की बद्रीनाथ और मंगलौर सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा को झटका लगा है। दोनों सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। बद्रीनाथ में कांग्रेस उम्मीदवार लखपत सिंह बुटोला ने भाजपा के राजेंद्र सिंह भंडारी और मंगलौर में कांग्रेस के काजी निजामुद्दीन ने भाजपा प्रत्याशी करतार सिंह भड़ाना को हराया। बद्रीनाथ सीट पर जनता ने दलबदल कर चुनाव लड़ रहे राजेंद्र सिंह भंडारी के खिलाफ फैसला सुनाया है। भंडारी बद्रीनाथ सीट पर कांग्रेस से विधायक थे, पर उन्होंने इस्तीफा देकर दल बदल लिया था।

बद्रीनाथ सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी लखपत सिंह बुटोला ने भाजपा के राजेंद्र भंडारी को 5224 मतों के अंतर से हराया। बुटोला को 28161 मत मिले। मंगलौर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी काजी निजामुद्दीन ने भाजपा के करतार सिंह भड़ाना को 422 वोटों से हराया। काजी निजामुद्दीन को 31727 वोट मिले। मंगलौर सीट पर बसपा उम्मीदवार को 19559 मत मिले।

मालूम हो कि बद्रीनाथ सीट राजेंद्र सिंह भंडारी के विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद खाली हो गई थी। भंडारी कांग्रेस से विधायक थे।  मार्च में इस्तीफा देने के बाद भंडारी ने भाजपा ज्वाइन कर ली थी। अब फिर उपचुनाव में भंडारी ने भाजपा के टिकट से बद्रीनाथ सीट पर चुनाव लड़ा, जिसमें उनको हार का सामना करना पड़ा। वहीं, मंगलौर सीट बसपा विधायक सरवत करीम अंसारी के निधन के बाद खाली हो गई थी।

कांग्रेस उम्मीदवारों की जीत पर परवादून जिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने डोईवाला चौक पर आतिशबाजी की और मिठाई बांटकर जश्न मनाया। इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा, जनता ने भाजपा को नकारते हुए कांग्रेस पर विश्वास व्यक्त किया है। कांग्रेस परवादून जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा, भाजपा ने जनता के मुद्दों को हमेशा नजरअंदाज किया, जिसका परिणाम उसको इन उपचुनावों में देखने को मिला है। उनियाल ने कहा, इस जीत का श्रेय कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा,उनकी टीम व कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं को जाता है। माहरा ने कार्यकर्ताओं को संगठित करते हुए ऊर्जा का संचार किया है।

Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *