छात्र-छात्राओं ने ‘भारत वर्णम्ः अनादि से अनंत’ थीम पर शानदार प्रस्तुतियों से मन मोहा
देहरादून, 19 नवंबर। मानव भारती इंडिया इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित वार्षिकोत्सव समारोह में छात्र-छात्राओं ने ‘भारत वर्णम्ः अनादि से अनंत’ थीम पर अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। इस भव्य आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारत के स्वर्णिम इतिहास, संघर्ष, त्याग, वीरता और समृद्ध सांस्कृतिक विविधता की गौरवशाली गाथा को मंच पर जीवंत किया। समारोह का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रोफेसर राम विनय सिंह, विद्यालय के निदेशक डॉ. हिमांशु शेखर एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। इसके बाद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आरंभ हुई, जिसे देश के विविध रंगों और ऐतिहासिक यात्रा को समाहित करते हुए विशेष रूप से डिजाइन किया गया था।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने सभ्यता के आरंभ से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक की यात्रा को लोककलाओं, लोककथाओं, गीत-संगीत और नृत्य के माध्यम से बेहद प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। बच्चों ने मंच पर अपने किरदारों को जीवंत करने का भरपूर प्रयास किया, जिसे उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों ने खूब सराहा। इस प्रस्तुति ने न केवल दर्शकों को भारत की विविधता से रूबरू कराया, बल्कि वर्तमान परिप्रेक्ष्य में अपने अतीत को समझने और भविष्य की राह प्रशस्त करने का संदेश भी दिया।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ‘लर्निंग’ यानी सीखने की प्रक्रिया को रचनात्मक बनाना था। इस थीम के जरिए छात्र-छात्राओं को देश के इतिहास को करीब से जानने, उसमें कुछ पल जीने और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जुड़कर बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि प्रोफेसर राम विनय सिंह और निदेशक डॉ. हिमांशु शेखर ने बच्चों के उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और शिक्षकों के मार्गदर्शन की सराहना की। समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षकगण और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




