देहरादून, 11 नवंबर, 2026: पर्वतीय और ग्रामीण अंचलों में पारंपरिक नकदी फसलों पर मौसम की अनिश्चितता भारी पड़ रही है। जनपद देहरादून के पर्वतीय सिंधवाल गांव में इस वर्ष अत्यधिक बारिश ने मिर्च की खेती को जबर्दस्त नुकसान पहुंचाया है। स्थिति यह है कि छह महीने तक खेतों में पसीना बहाने वाले किसानों को अपनी मेहनत और श्रम का न्यूनतम मूल्य मिलना भी मुश्किल हो गया है।
सिंधवाल गांव में किसान शकुंतला देवी बताती हैं कि इस बार अत्यधिक बारिश के कारण पौधों के सूखने और मिर्च गल जाने की समस्या बहुत ज्यादा आई है। पिछले साल तक उन्होंने अपनी तीन बड़ी क्यारियों से लगभग 10 से 15 किलोग्राम सूखी मिर्च प्राप्त की थी। इस बार पैदावार आधी से भी कम घटकर महज 4 से 5 किलोग्राम रह जाने का अनुमान है।
उन्होंने बताया, बाजार में सूखी मिर्च का भाव ₹300 से ₹350 प्रति किलोग्राम के बीच रहता है। पिछले वर्ष की अनुमानित आय 10 से 15 किलो मिर्च से लगभग ₹3,500 से ₹5,000 की थी। इस वर्ष की संभावित आय 4 से 5 किलो मिर्च से महज ₹1,200 से ₹1,700 मिलने की उम्मीद है, जिसमें से अधिकांश हिस्सा घर के इस्तेमाल में ही खत्म हो जाएगा। बरसात की शुरुआत में पौध लगाने से लेकर 6 महीने तक कम से कम दो-तीन बार नेलाई, गुड़ाई, खरपतवार निकालना, सिंचाई और तुड़ाई जैसे कठिन कार्यों में जितना शारीरिक श्रम लगता है, ₹1,200 से ₹1,500 की यह राशि उस श्रम की दैनिक श्रम के बराबर भी नहीं ठहरती।
मौसम की इस मार ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि पहाड़ में कठिन परिस्थितियों में की जाने वाली पारंपरिक बागवानी को जब तक सुरक्षा और उचित समर्थन नहीं मिलेगा, तब तक किसानों के श्रम का मूल्य निकल पाना नामुमकिन बना रहेगा।





