देहरादून, 23 अक्तूबर, 2026ः जिला प्रशासन ने देहरादून पल्टन बाजार में सुबह 11 से शाम सात बजे तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रखने का निर्णय लिया है। व्यापारियों से अनुरोध किया कि लोडिंग अनलोडिंग का कार्य सुबह 11 बजे से पूर्व तथा शाम सात बजे के बाद ही किया जाए। इस व्यवस्था का उद्देश्य बाजार क्षेत्र में भीड़ के बीच यातायात के दबाव को कम करना तथा आमजन को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराना है।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा ने इस संबंध में पुलिस, प्रशासन, नगर निगम के संबंधित अधिकारियों तथा व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। एडीएम मिश्रा ने कहा, त्योहारी सीजन में बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ने के कारण यातायात प्रबंधन, पैदल चलने वाले लोगों की सुविधा तथा आपातकालीन परिस्थितियों में आवागमन के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध रहना आवश्यक है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और निर्धारित व्यवस्थाओं का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराएं।
अपर जिलाधिकारी ने कहा, पल्टन बाजार सहित शहर के प्रमुख एवं व्यस्त बाजारों में अतिक्रमण के विरुद्ध जिला प्रशासन और पुलिस अभियान चलाकर प्रभावी करेंगे। बाजारों में आवागमन बाधित करने वाले अतिक्रमण, रेहड़ी-ठेली तथा अन्य प्रकार के अवरोधों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस, नगर निगम एवं प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाजारों में व्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए नियमित निगरानी रखी जाए तथा आवश्यकतानुसार संयुक्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों से भी अपील की कि त्योहारी सीजन में बेहतर यातायात व्यवस्था एवं जनसुरक्षा बनाए रखने में जिला प्रशासन का सहयोग करें। व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों के बाहर अनावश्यक रूप से सामान न रखें तथा बाजारों में आवागमन के लिए निर्धारित स्थान को अवरोधमुक्त रखने में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि प्रशासन और व्यापारियों के आपसी सहयोग से ही बाजारों में सुव्यवस्थित व्यवस्था कायम रखी जा सकती है। बैठक में राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड उत्तराखंड के सदस्य एवं दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज मैसोन तथा उपाध्यक्ष हरीश विरमानी सहित पुलिस, प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।





