छात्र संघ चुनावः शिक्षा मंत्री ने कहा, छात्राओं को 50 फीसदी प्रतिनिधित्व का प्रस्ताव तीन दिन में शासन को भेजें अफसर

Rajesh Pandey

छात्र संघ चुनावों की तिथियां भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत शीघ्र घोषित करने के निर्देश

मंत्री ने कहा, महाविद्यालयों व विश्वविद्यालय परिसरों में 65 फीसदी से अधिक हैं छात्राएं

देहरादून, 12 सितम्बर 2026ः  उत्तराखंड के राजकीय महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालय परिसरों में होने वाले छात्र संघ चुनावों में अब छात्राओं को 50 फीसदी प्रतिनिधित्व मिलेगा। इसके लिए राज्य विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को छात्र संघ एवं छात्र परिषदों में प्रतिनिधित्व के ढांचे में संशोधन करने को कहा गया है। वर्तमान में राज्य विश्वविद्यालयों एवं सम्बद्ध महाविद्यालयों में 65 फीसदी से अधिक छात्राओं की संख्या है, ऐसे में छात्र संघ व छात्र परिसदों में छात्राओं को प्रतिनिधित्व दिया जाना आवश्यक है, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में अहम पहल है।

उच्च शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने शासकीय आवास पर वर्चुअल माध्यम से उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में यह जानकारी दी। उन्होंने राज्य विश्वविद्यालय परिसरों व महाविद्यालयों में छात्र संघ चुनावों में छात्राओं को 50 फीसदी प्रतिनिधित्व दिए जाने के निर्णय के क्रियान्वयन में लेटलतीफी पर विभागीय अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को छात्र परिषद व छात्र संघों में छात्राओं को 50 फीसदी प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिये तीन दिन के भीतर शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। साथ ही, सभी राज्य विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को छात्र परिषद व छात्र संघों में प्रतिनिधित्व के मौजूदा ढांचे में संशोधन कर छात्राओं को 50 फीसदी प्रतिनिधित्व के साथ छात्र संघ चुनावों की तिथियां भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत शीघ्र घोषित करने को कहा।

डाॅ. रावत ने कहा कि वर्तमान में राज्य विश्वविद्यालय परिसरों व महाविद्यालयों में 65 फीसदी से अधिक छात्राएं अध्ययनरत हैं। ऐसे में छात्र संघ व छात्र परिषदों में भी उनकी पर्याप्त भागीदारी सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि छात्राओं को 50 फीसदी प्रतिनिधित्व मिलने से उनकी समस्याओं और सुझावों को छात्र संघ व छात्र परिषद के मंच पर प्रभावी ढंग रखने का अवसर मिलेगा। छात्र मंचों पर छात्राओं की मजबूत भागीदारी से न केवल उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा बल्कि महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में महिला नेतृत्व को भी बढ़ावा मिलेगा।

वर्चुअल बैठक में दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एस.एस. बिष्ट, मुक्त विश्वविद्यालया एवं प्रभारी कुलपति कुमाऊं विश्वविद्यालय प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी, संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रमाकांत पांडेय, श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अम्बरीश महाजन, अपर सचिव उच्च शिक्षा मनुज गोयल, संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा प्रो. एएस उनियाल सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

सेवा संकल्प अभियान से युवाओं को जोड़ेंगे शिक्षण संस्थान
उच्च शिक्षा विभाग की वर्चुअल बैठक में शिक्षा मंत्री डॉ. रावत ने सभी राज्य विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में सेवा संकल्प अभियान से युवाओं को जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक सभी राजकीय एवं निजी उच्च शिक्षण संस्थानों में व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाएगा, जिनमें प्रदेश के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री, विधायक प्रतिभाग करेंगे। डाॅ. रावत ने कहा कि 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत कार्यक्रम के तहत शिक्षण संस्थानों में विकसित भारत के संकल्प पर भाषण, चित्रकला व निबन्ध प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा युवा संवाद कार्यक्रम में एनसीसी, एनएसएस, रोवर रेंजर्स, मेधावी छात्रों द्वारा सेवा कार्यों की प्रेरक कहानियां साझा करेंगे। सेवा ही संकल्प, वृक्षारोपण, स्वच्छता सहित विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके लिए डाॅ. रावत ने विभागीय अधिकारियों को सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *