राजमार्गयात्रा मोबाइल ऐप से मासिक लोकल पास ऑनलाइन खरीदे जा सकते हैं
NHAI online FASTag local pass: पहला डिजिटल लोकल पास जुलाई 2026 में दिल्ली के अर्बन एक्सटेंशन रोड-II पर स्थित मुंडका-बक्करवाला टोल प्लाजा पर शुरू किया गया था। इसकी सफल शुरुआत के बाद, अब यह सुविधा देश भर के 120 से अधिक टोल प्लाजा पर विस्तारित कर ली गई है। आगामी महीनों में इसे देश भर के अन्य टोल प्लाजा पर लागू किया जाएगा।
कौन आवेदन कर सकता है?
डिजिटल लोकल पास योजना के तहत, टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोग राजमार्ग यात्रा मोबाइल ऐप द्वारा लोकल पास के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इस पास के लागू प्रावधानों के अनुसार पात्र यात्रियों को माह में संबंधित टोल प्लाजा से असीमित यात्रा करने की सुविधा मिलेगी।
इससे पहले, लोकल पास के लिए यात्रियों को संबंधित टोल प्लाजा पर खुद जाना पड़ता था और 20 किलोमीटर के दायरे में आवासीय पते और अन्य पात्रता आवश्यकताएं सत्यापित करने संबंधी दस्तावेज जमा करने पड़ते थे।
राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ता https://rajmargyatra.nhai.gov.in/buy-fastag-local-pass पर जाकर टोल प्लाजा की सूची देख सकते हैं।
डिजिटल लोकल पास संबंधी तकनीक
NHAI online FASTag local pass: डिजिटल लोकल पास सुविधा, डिजीलॉकर और वाहन सहित सरकारी डिजिटल प्लेटफॉर्मों के साथ सहमति-आधारित एकीकरण पर आधारित है, ताकि यात्री के आवासीय पते, वाहन विवरण और लिंक किए गए फास्टैग जैसी जानकारी प्राप्त और सत्यापित की जा सके। इसकी पात्रता भौगोलिक सूचना प्रणाली से भी सत्यापित की जाती है, जिससे निर्धारित होता है कि आवेदक का पंजीकृत पता पात्र टोल प्लाजा के 20 किमी के दायरे में है या नहीं।



