ऋषिकेश, 28 जून, 2026ः एम्पावर सोसाइटी, देहरादून ने युवाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ‘पद्माक्ष स्टूडियो’ के सहयोग से दो महीने के प्रशिक्षण के तहत शनिवार को ‘ब्राइडल मास्टर क्लास प्रोग्राम’ का आयोजन किया। इससे पहले ब्राइडल मेकअप का प्रशिक्षण कार्यक्रम 26 जून 2026 तक चला। प्रशिक्षण में देहरादून, चकराता, कालसी क्षेत्र की 20 लाभार्थियों ने भाग लिया। इस दौरान उनको ब्राइडल मेकअप, हेयरस्टाइलिंग और सौंदर्य उद्योग से जुड़ी बारीकियों की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
एम्पावर सोसाइटी की सचिव मोनीदीपा सरमा ने यह जानकारी देते हुए बताया, “हमारा मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के युवक-युवतियों को हुनरमंद बनाकर उन्हें अपने पैरों पर खड़ा करना है। यह ‘मेकअप मास्टर क्लास’ सिर्फ तकनीक सिखाने के लिए नहीं थी, बल्कि यह इन युवाओं के आत्मविश्वास को जगाने और उन्हें उद्यमिता की ओर प्रेरित करने का एक प्रयास था। ‘पद्माक्ष स्टूडियो’ के साथ यह साझेदारी बहुत अच्छी रही, जिससे प्रशिक्षुओं को उच्च स्तर का प्रशिक्षण मिला। भविष्य में भी एम्पावर सोसाइटी इसी तरह के अन्य कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।”
प्रशिक्षण के तहत विशेष क्लास के आयोजन में संस्था के फेसिलिटेटर शमीम अहमद, सीमा भाटिया ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का निर्देशन एक्टीविटी कोआर्डिनेटर तूलिका ने किया। प्रशिक्षणार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस कोर्स ने उन्हें ब्यूटीशियन के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए आवश्यक कौशल और आत्मविश्वास दिया है। कुछ युवाओं ने इस हुनर के दम पर स्वरोजगार शुरू करने की भी इच्छा जताई। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट प्रदान किए गए।



