ElectionFeaturedPoliticsUttarakhand

तो यह है भाजपा का परिवारवाद का फार्मूला

इस बार काशीपुर, खानपुर और दून कैंट सीट पर दिखा इसका असर

देहरादून। परिवादवाद को लेकर कांग्रेस पर लगातार हमले करने वाली भाजपा पर भी इसकी छाया गहराती जा रही है। उत्तराखंड में भाजपा की ओर से जारी प्रत्याशियों की सूची पर गौर करें तो साफ दिखेगा कि यहां भी परिवारवाद हावी है। आलम यह है कि सीटों पर वर्षों से तैयारी कर रहे नेताओं का इंतजार खत्म ही नहीं हो रहा है। इनका काम केवल टिकट पाने वालों की जय-जयकार करके उन्हें विजयी बनाने का ही रह गया है। एक नजर भाजपा की सूची में शामिल तीन प्रत्याशियों पर।

काशीपुर सीटः राज्य गठन के बाद पहले चुनाव में भाजपा ने यह सीट हरभजन सिंह चीमा को दी थी। उस वक्त भाजपा ने अकाली दल से गठबंधन धर्म निभाने के लिए अपने निष्ठावान और पुराने कार्य़कर्ताओं को नजरअंदाज कर दिया था। चीमा इस सीट से 2002, 2007, 2012 और 2017 में इसी गठबंधन के तहत टिकट पाते रहे। किसान आंदोलन को लेकर अकाली दल -भाजपा गठबंधन टूट गया तो पुराने भाजपाइयों को लगा कि पार्टी अब उनकी सुध लेगी। लेकिन प्रत्याशियों की घोषणा हुई तो भाजपा ने चीमा के पुत्र त्रिलोक को टिकट दे दिया। इससे कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं के साथ ही आम कार्यकर्ताओं में भी रोष है।

देहरादून कैंटः यूपी के समय में इस क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर हरबंश कपूर जीतते रहे। उत्तराखंड गठन के बाद भी पिछले चार चुनावों में भाजपा ने कपूर को ही टिकट दिया। पिछले साल हरबंश कपूर की मृत्यु हो गई। इस क्षेत्र में सक्रिय रहे कई नेताओं को लगा कि पार्टी इस बार उनकी सुध जरूर लेगी। लेकिन भाजपा ने इस सीट से स्व. कपूर की पत्नी सविता कपूर को प्रत्याशी घोषित कर दिया। इससे दावेदारों में खासा आक्रोश है।

खानपुर सीटः हरिद्वार जिले की खानपुर सीट पर कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन दो बार के विधायक हैं, इससे पहले वो लक्सर सीट पर विधायक रहे। पहले कांग्रेस के टिकट पर जीतते रहे तो 2017 में भाजपा में शामिल हो गए और चुनाव जीता। चैंपियन के विवादों में रहने के चलते भाजपा ने इस बार उनका टिकट काटने का फैसला किया। ताकि चुनाव में कोई नया विवाद न खड़ा हो। उस क्षेत्र के लोग भाजपा की ओर टकटकी भरी निगाहों से देखने लगे। लेकिन भाजपा ने चैंपियन की पत्नी देवयानी को प्रत्याशी घोषित कर दिया।

जाहिर है कि भाजपा में पनप रहे परिवारवाद के चलते समर्पित और निष्ठावान नेताओं को उनका हक नहीं मिल पा रहा है। इससे उनमें खासा रोष है। कई स्थानों पर पार्टी के इस परिवारवाद का विरोध भी शुरू हो गया है। इससे पहले तीन उपचुनावों में भाजपा ने स्व. प्रकाश पंत की पत्नी चंद्रा पंत, स्व. शाह की पत्नी मुन्नी शाह और स्व.सुरेंद्र सिंह जीना के भाई को प्रत्याशी  बनाया था। इस बार मुन्नी शाह का टिकट काटा गया है, जबकि चंद्रा पंत और महेश जीना को फिर से प्रत्याशी बनाया गया है।

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button