देहरादून, 13 अक्तूबर, 2026ः प्रदेशभर में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 14, 15 और 16 अक्तूबर को गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के विभिन्न जनपदों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम में होने वाले इस बदलाव का असर प्रदेश के मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग के निदेशक डॉ.सीएस तोमर ने बताया, 14-15 अक्तूबर को गढ़वाल और 16 अक्तूबर को कुमाऊं के कुछ जनपदों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। उन्होंने बताया कि 14 और 15 अक्तूबर को देहरादून, नैनीताल और हरिद्वार समेत मैदानी जनपदों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, 16 अक्तूबर को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जनपदों में भी बारिश देखने को मिल सकती है। इससे पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम ठंडा होने के साथ तापमान में गिरावट आने की संभावना है। निदेशक तोमर ने बताया कि 14 अक्तूबर को 3,800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है और 15 और 16 अक्तूबर को 3,500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है।




