FeaturedNewsUttarakhand

डीएम का सख्त एक्शनः रायपुर क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित गैस गोदाम सीज, भूमि पर अवैध कब्जे का मामला

95 साल की वृद्धा की शिकायत पर डीएम ने दिए थे जांच के आदेश

देहरादून। 03 जनवरी 2025

जिला प्रशासन की टीम ने शुक्रवार तड़के ही रायपुर क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित गैस गोदाम पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गोदाम को सीज कर दिया। यह गैस गोदाम लीज समाप्त होेने के बाद भी वर्षों से संचालित किया जा रहा था।

जिलाधिकारी  सविन बंसल ने मामला संज्ञान में आते ही इस गैस गोदाम मामले की जांच बिठाई थी। उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी को सम्बन्धित विभागों से समन्वय करते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे, जिस पर जिला प्रशासन एवं पुलिस की टीम ने कार्रवाई की।

जिलाधिकारी सविन बंसल के जनता दर्शन/जनसुनवाई कार्यक्रम में गढ़ीकैंट निवासी 95 वर्षीय महिला ने उनकी भूमि पर अवैध रूप से गैस गोदाम संचालित होने तथा भूमि पर कब्जे की शिकायत की थी। प्रकरण संज्ञान में आते ही डीएम ने अवैध गैस गोदाम का लाइसेंस निरस्त करने के निर्देश दिए। शिकायती पत्र के सभी बिन्दुओं पर विस्तृत जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश राजस्व विभाग को दिए थे।

डीएम ने अवैध रूप से संचालित हो रहे गैस गोदाम का अविलम्ब लाइसेंस निरस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से पूछा कि इतने लम्बे समय से जिम्मेदार विभागों ने कार्रवाई क्यों नहीं की।

महिला ने शिकायत पत्र में बताया था कि रांझावाला रायपुर में उनकी 12 हजार वर्ग फीट भूमि पर भूमाफिया की नजर है। अवैध कब्जा कर वहां गैस एजेंसी का संचालन किया जा रहा है। उनके पति ने वर्ष 1988 में दस वर्ष की लीज पर गैस गोदाम संचालित करने के लिए दिया था, जिसकी लीज समाप्त होने के बाद भी वर्ष 2000 से किराया देना बंद कर दिया गया तथा अभिलेखों में हेरफेर कर भूमि अपने नाम कर दी। प्रकरण को गंभीरता से लेते डीएम ने स्पष्ट जांच के साथ उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।

डीएम के निर्देशों के क्रम में पूर्ति विभाग ने स्टेट लेवल को ऑर्डिनेटर (एलपीजी), क्षेत्रीय प्रबन्धक भारत पेट्रोलियम एलपीजी लंढौरा रुड़की, विस्फोटक नियंत्रक इन्दिरानगर को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। – कार्यालय जिला सूचना अधिकारी देहरादून

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button