स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देहरादून में भव्य तिरंगा यात्रा

Rajesh Pandey

न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं सामाजिक संगठनों ने बढ़-चढ़कर किया प्रतिभाग

देहरादून 14 अगस्त 2026: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून की ओर से शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। जिला जज एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून हरीश कुमार गोयल के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में आयोजित यात्रा का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को सुदृढ़ करने के साथ ही संविधान एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का संदेश देना रहा।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ न्यू कोर्ट बिल्डिंग, देहरादून से हुआ। यात्रा प्रिंस चौक, तहसील चौक एवं दर्शन लाल चौक होते हुए घंटाघर पहुंची। यात्रा में जनपद के न्यायिक अधिकारी एवं कर्मचारी, बार एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य, दून वैली व्यापार मंडल के पदाधिकारी, विभिन्न लॉ कॉलेजों के छात्र-छात्राएं, पराविधिक कार्यकर्ता, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी-कर्मचारी तथा विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर जिला जज एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून हरीश कुमार गोयल ने कहा कि तिरंगा देश की स्वतंत्रता के लिए किए गए संघर्ष, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान तथा भारत की एकता और अखंडता का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस हमें अपने गौरवशाली इतिहास का स्मरण कराने के साथ-साथ संविधान प्रदत्त अधिकारों और अपने संवैधानिक एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देता है।

सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि प्राधिकरण का मूल उद्देश्य ‘न्याय सबके लिए’ की भावना को साकार करना है। स्वतंत्रता और न्याय एक-दूसरे के पूरक हैं। सशक्त लोकतंत्र की वास्तविक पहचान तभी है, जब समाज के प्रत्येक व्यक्ति को समानता, गरिमा और न्याय तक समान अवसर एवं पहुंच प्राप्त हो। उन्होंने नागरिकों से संविधान के मूल्यों का सम्मान करने तथा सामाजिक सौहार्द, भाईचारे एवं राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का आह्वान किया। तिरंगा यात्रा का स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी, एसपी क्राइम सहित प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी, देहरादून बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल शर्मा, दून वैली व्यापार मंडल के सदस्य तथा अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संविधान के मूल्यों, न्याय, समानता, स्वतंत्रता एवं बंधुत्व की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के संकल्प को दोहराया गया।

Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *